एनएसएस पदाधिकारियों की ऑनलाइन बैठक, सरकारी राशि के उपयोग व ऑडिट प्रक्रिया पर जोर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
दरभंगा: ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा के एनएसएस कोषांग की ओर से सरकारी राशि के स्थानांतरण, व्यय मद एवं उपयोगिता को लेकर चार जिलों—दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर और बेगूसराय के कार्यक्रम पदाधिकारियों की ऑनलाइन बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एनएसएस समन्वयक डॉ. आर.एन. चौरसिया ने की, जबकि उद्घाटन एनएसएस बिहार-झारखंड के क्षेत्रीय निदेशक विनय कुमार ने किया। मुख्य वक्ता के रूप में मुंगेर विश्वविद्यालय के एनएसएस समन्वयक डॉ. मुनीन्द्र कुमार सिंह शामिल हुए।
उद्घाटन संबोधन में विनय कुमार ने कहा कि सरकार से प्राप्त राशि का उपयोग केवल उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार ही किया जाए और सभी बिल सुरक्षित रखे जाएं, क्योंकि उनका समय-समय पर ऑडिट होता है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक इकाई को विशेष शिविर के लिए 35 हजार और नियमित गतिविधियों के लिए 36 हजार, कुल 71 हजार रुपये वार्षिक अनुदान दिया जाएगा।
मुख्य वक्ता डॉ. मुनीन्द्र कुमार सिंह ने सीएनए खाते और पीएफएमएस प्रणाली के संचालन की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने डाटा एंट्री, वेंडर मैपिंग, एक्सपेंडिचर क्रिएशन, अप्रूवल और बैंक प्रक्रिया को प्रायोगिक तरीके से समझाया।
अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. चौरसिया ने एनएसएस गतिविधियों और शिविरों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि अब तक करीब 30 इकाइयों का सीएनए खाता खुल चुका है और अन्य कॉलेजों को भी जल्द खाता खोलने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में 40 से अधिक कार्यक्रम पदाधिकारी, प्रधानाचार्य, सहायक व कंप्यूटर ऑपरेटर शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सोनू राम शंकर ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. लक्ष्मण यादव ने किया।

