तिरुपति की तर्ज पर आंध्र भक्त श्री राम मंदिर में 57वां ब्रह्मोत्सवम 24 जून से
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। बिष्टुपुर स्थित आंध्र भक्त श्री राम मंदिर में भगवान श्री वेंकटेश्वर स्वामी का 57वां ब्रह्मोत्सवम एवं श्री वेंकटेश्वर स्वामी कल्याण महोत्सव 24 जून से 5 जुलाई 2026 तक भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। 12 दिवसीय महोत्सव तिरुमला-तिरुपति देवस्थानम् की परंपराओं एवं वैदिक रीति-रिवाजों के अनुरूप संपन्न होगा।
मंदिर समिति के डिप्टी प्रेसिडेंट जम्मी भास्कर ने बताया कि महोत्सव के दौरान प्रतिदिन विशेष पूजा-अर्चना, अभिषेकम्, विभिन्न वाहन सेवाएं, नगर भ्रमण, रथोत्सव तथा धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। इस वर्ष तिरुपति से वैदिक विद्वान एवं पुरोहित विशेष रूप से आमंत्रित किए गए हैं। साथ ही तिरुपति लड्डू प्रसादम् की तर्ज पर विशेष प्रसाद तैयार कर श्रद्धालुओं में वितरित किया जाएगा।
महोत्सव का शुभारंभ 24 जून को अंकुरार्पणम् एवं ध्वजपाद प्रतिष्ठा के साथ होगा, जबकि 25 जून को ध्वजारोहणम् के साथ ब्रह्मोत्सवम का औपचारिक उद्घाटन किया जाएगा। 26 जून से 4 जुलाई तक भगवान श्री वेंकटेश्वर स्वामी हंस, गरुड़, शेष, हनुमत, गज, अश्व, चंद्रप्रभा एवं पुष्पक सहित विभिन्न वाहनों पर नगर भ्रमण करेंगे।
1 जुलाई को भव्य रथोत्सव महोत्सव का मुख्य आकर्षण होगा, जिसमें हजारों श्रद्धालु भगवान के रथ को खींचेंगे और पूरा क्षेत्र “गोविंदा-गोविंदा” के जयघोष से गूंज उठेगा।
महोत्सव का समापन 5 जुलाई को श्री वेंकटेश्वर स्वामी, श्रीदेवी एवं भूदेवी के दिव्य कल्याण महोत्सव के साथ होगा। मंदिर समिति के अध्यक्ष बी.डी. गोपाल कृष्णा ने शहरवासियों से परिवार सहित आयोजन में शामिल होकर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है। समिति का दावा है कि इन 12 दिनों के दौरान मंदिर परिसर में तिरुपति धाम जैसा आध्यात्मिक वातावरण देखने को मिलेगा।

