गुरु अर्जन देव जी की शहादत को समर्पित छबील, बन्ना गुप्ता व सुधीर पप्पू ने की सेवा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। सिखों के पांचवें गुरु एवं शहीदों के सरताज गुरु अर्जन देव जी के 401वें शहादत दिवस के अवसर पर सोनारी राम मंदिर चौक में सोनारी गुरुद्वारा संस्थापक सदस्य कमेटी के तत्वावधान में छबील लगाई गई। इस दौरान राहगीरों के बीच ठंडा शर्बत और चना प्रसाद वितरित किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस नेता बन्ना गुप्ता तथा समाजवादी चिंतक अधिवक्ता सुधीर कुमार पप्पू ने पहुंचकर संगत के साथ सेवा कार्य में भाग लिया और गुरु जी को श्रद्धांजलि अर्पित की। स्थानीय सिख परिवारों, महिलाओं, बच्चों तथा सोनारी थाना शांति समिति के सदस्यों ने भी बढ़-चढ़कर सेवा की।
इस अवसर पर बाबा जी ने समस्त जीवों के कल्याण के लिए अरदास की। वक्ताओं ने गुरु अर्जन देव जी के अद्वितीय बलिदान को याद करते हुए कहा कि उनकी शहादत मानवता, सत्य और धर्म की रक्षा के लिए सर्वोच्च त्याग का प्रतीक है। गुरु जी की स्मृति में लगाई जाने वाली छबील सेवा, समर्पण और भाईचारे का संदेश देती है।

