सावन की अंतिम सोमवारी पर कलश यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, चिंताहरण महादेव में शिवभक्तों ने चढ़ाया गंगाजल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
सावन की अंतिम सोमवारी पर जमशेदपुर में श्रद्धा और आस्था का अभूतपूर्व नजारा देखने को मिला। बागबेड़ा बड़ौदा घाट से शीतला माता मंदिर स्थित चिंताहरण महादेव गड़ाबासा तक भव्य कांवड़ और कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों शिवभक्तों ने भाग लिया।

शिवभक्तों ने जयकारों के साथ पूरे मार्ग को भक्तिमय बना दिया। मंदिर पहुंचकर सभी श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध तरीके से जलाभिषेक और रुद्राभिषेक किया। मंदिर परिसर में भोग स्वरूप शरबत व केला का वितरण किया गया। यात्रा के दौरान भक्तों ने भोलेनाथ के गीतों पर नृत्य करते हुए अपनी आस्था व्यक्त की।

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस, जिला परिषद सदस्य कविता परमार, शिवशंकर सिंह, अप्पू तिवारी, संतोष सिंह समेत कई गणमान्य लोग शामिल हुए और श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे रहे।

मंदिर समिति के संयोजक कन्हैया सिंह ने इसे आस्था, परंपरा और समर्पण का संगम बताया और सभी के सहयोग के लिए धन्यवाद व्यक्त किया। कार्यक्रम में समिति के सुनील पंडित, हेमंत प्रसाद, विनय शर्मा, प्रवीण प्रसाद सहित कई सदस्य मौजूद रहे।


