नववर्ष 2026 के पहले दिन जुबिली पार्क, टेल्को हुडको पार्क व थीम पार्क में उमड़ी पिकनिक मनाने वालों की भीड़
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। नववर्ष 2026 के पहले दिन जमशेदपुर के प्रमुख पार्क और पर्यटन स्थलों में लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। शहर के हृदय स्थल में स्थित ऐतिहासिक जुबिली पार्क गुरुवार को सैलानियों से गुलजार रहा। गुनगुनी धूप और खुशनुमा मौसम का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग परिवार और दोस्तों के साथ पार्क पहुंचे। कहीं लोग पिकनिक मनाते नजर आए तो कहीं जंगल सफारी और हरियाली के बीच सैर कर सुकून के पल बिताते दिखे।

हर वर्ष की तरह इस बार भी सर्दियों के मौसम में टाटा प्रबंधन की ओर से जुबिली पार्क को विशेष रूप से सजाया-संवारा गया है। आकर्षक लैंडस्केपिंग, रंग-बिरंगे फूल, हरी-भरी घास और स्वच्छ वातावरण ने पार्क की सुंदरता को और निखार दिया है। सर्दियों में जुबिली पार्क की खूबसूरती अपने चरम पर होती है, जिसके कारण न केवल स्थानीय लोग बल्कि पश्चिम बंगाल और ओडिशा सहित अन्य राज्यों से भी सैलानी यहां पहुंच रहे हैं।

वहीं टेल्को स्थित हुडको पार्क और थीम पार्क में भी नववर्ष के पहले दिन पिकनिक मनाने वालों की भारी भीड़ उमड़ी। लोगों की सुरक्षा को देखते हुए इन सभी स्थलों पर पुलिस प्रशासन की ओर से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। पूरे दिन पार्कों में चहल-पहल बनी रही और लोग उत्साह व उल्लास के साथ नए साल का जश्न मनाते नजर आए।


