अटल बिहारी वाजपेयी जयंती की पूर्व संध्या पर भाजपा जमशेदपुर महानगर ने मनाया दीपोत्सव
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न एवं झारखंड राज्य के जनक श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती की पूर्व संध्या पर भाजपा जमशेदपुर महानगर की ओर से साकची स्थित जिला भाजपा कार्यालय में दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने किया, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर कार्यालय परिसर को रंगोली और मिट्टी के दीपकों से सजाया गया। दीपों की रोशनी के बीच कार्यकर्ताओं ने अटल जी को श्रद्धांजलि अर्पित की और झारखंड राज्य निर्माण सहित राष्ट्र के विकास में उनके योगदान को स्मरण किया। इस दौरान “अटल बिहारी वाजपेयी अमर रहें” और “भारत माता की जय” के नारों से परिसर गूंज उठा।
महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी न केवल एक महान प्रधानमंत्री थे, बल्कि राजनीति में सुचिता, संवेदना और राष्ट्रवाद के प्रतीक भी थे। उन्होंने झारखंड राज्य का गठन कर यहां की जनता को पहचान और सम्मान दिया। अटल जी के आदर्श और विचार आज भी भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
दीपोत्सव कार्यक्रम में भाजपा के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


