झारखंड राज्यसभा चुनाव: परिमल नाथवाणी के नामांकन पर आपत्ति, फैसला कल सुबह 11 बजे
राष्ट्र संवाद संवाददाता
रांची: झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए चल रही चुनावी प्रक्रिया के बीच निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नाथवाणी के नामांकन पत्र पर विवाद खड़ा हो गया है। मंगलवार को विधानसभा सचिवालय में नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी (जांच) के दौरान कांग्रेस और झामुमो ने उनके नामांकन पर तकनीकी आपत्तियां दर्ज कराईं, जिसके बाद उनके नामांकन को फिलहाल होल्ड पर रख दिया गया है।
राज्यसभा निर्वाचन पदाधिकारी सह विधानसभा के प्रभारी सचिव रंजीत कुमार की मौजूदगी में हुई जांच प्रक्रिया के दौरान इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों की ओर से परिमल नाथवाणी के नामांकन में कथित विसंगतियों की ओर ध्यान दिलाया गया।
आपत्तियों में मुख्य रूप से अलग-अलग दस्तावेजों में नाम लिखने के क्रम में अंतर तथा नामांकन फॉर्म में चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित एक अनिवार्य कॉलम के अभाव का मुद्दा उठाया गया। इसके बाद निर्वाचन पदाधिकारी ने परिमल नाथवाणी और उनके प्रतिनिधियों को बुधवार सुबह 11 बजे तक आपत्तियों का जवाब देने का निर्देश दिया है।
मामले को लेकर परिमल नाथवाणी स्वयं विधानसभा सचिवालय पहुंचे और अपने सहयोगियों तथा भाजपा नेताओं की मौजूदगी में स्पष्टीकरण प्रस्तुत किया। हालांकि उनके समर्थकों का दावा है कि सभी आपत्तियां निराधार हैं और उन्हें खारिज कर दिया जाएगा, लेकिन अंतिम निर्णय रिटर्निंग ऑफिसर के आदेश के बाद ही स्पष्ट होगा।
वहीं दूसरी ओर, कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा और झामुमो उम्मीदवार बैजनाथ राम के नामांकन पत्रों की जांच पूरी होने के बाद उन्हें वैध घोषित कर दिया गया है।
अब सभी की निगाहें बुधवार सुबह 11 बजे होने वाले निर्वाचन पदाधिकारी के अंतिम फैसले पर टिकी हैं, जो झारखंड राज्यसभा चुनाव की दिशा तय कर सकता है।

