नीतीश कुमार का इस्तीफा जनादेश का अपमान : रियाजुद्दीन खान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी के सदस्य रियाजुद्दीन खान ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा अचानक पद छोड़ने के निर्णय पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने उन्हें पांच वर्षों के लिए जनादेश दिया था, ऐसे में बीच मझधार में कुर्सी छोड़ देना जनता के विश्वास के साथ विश्वासघात है और यह जनादेश का अपमान है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी अपने शासन के लिए जिस प्रकार का सत्ता का खेल खेल रही है, वह लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है और जनता द्वारा दिए गए जनमत के साथ धोखा है। रियाजुद्दीन खान ने कहा कि भाजपा सत्ता के लिए किसी को भी बलि का बकरा बना सकती है और बिहार की मौजूदा राजनीतिक स्थिति इससे साफ जाहिर होती है।
उन्होंने कहा कि भाजपा जिसके साथ भी गठबंधन करती है, अंततः उसे कमजोर कर देती है। इसका उदाहरण बिहार की राजनीति है और इससे पहले उड़ीसा की राजनीति में भी ऐसा देखा गया है। उन्होंने समान विचारधारा वाली राजनीतिक पार्टियों से एकजुट होकर लोकतंत्र को मजबूत करने की अपील की और कहा कि यही आज के समय की आवश्यकता है।

