बारिश के बीच करम विसर्जन जुलूस, मांदर की थाप पर थिरके युवा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। करम पर्व के समापन पर बुधवार को बारिश के बीच शहर के विभिन्न इलाकों से करम डाल विसर्जन जुलूस निकाला गया। सीतारामडेरा की उरांव, तुरी और मुंडा बस्ती तथा भालूबासा से भुइयां समाज के लोगों ने पारंपरिक तरीके से जुलूस निकाला। करम डाल लेकर आगे बहनें और पीछे भाई चल रहे थे। मांदर व ढोल-नगाड़ों की थाप पर महिला-पुरुष और युवाओं ने पारंपरिक गीतों पर नृत्य करते हुए भुइयांडीह घाट पहुंचकर करम डाल का विधि-विधान से विसर्जन किया।
बारिश के बावजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ। पुराना सीतारामडेरा, बिरसानगर, बागबेड़ा, मानगो, शंकोसाई, हुरलुंग और परसुडीह समेत कई क्षेत्रों से जुलूस निकाला गया। सीतारामडेरा करम अखड़ा से निकली शोभायात्रा एग्रिको, भालूबासा चौक, मुखी बस्ती, शीतला मंदिर, कालिंदी बस्ती, लकड़ी टाल और भुइयांडीह बल्ले कॉम्प्लेक्स होते हुए सुवर्णरेखा नदी घाट पहुंची। इस दौरान पूर्वी के विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
गुरुवार को वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता
करम पर्व के अवसर पर गुरुवार को पुराना सीतारामडेरा में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसमें बच्चों और युवाओं के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं होंगी। शाम को विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।

