अपर समाहर्ता ने की राजस्व कार्यों की व्यापक समीक्षा, दिए आवश्यक निर्देश
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: अपर समाहर्ता पूनम कच्छप की अध्यक्षता में सभी अंचल निरीक्षकों के साथ राजस्व विभाग से संबंधित मामलों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न राजस्व कार्यों की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की गई और अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए।
खाद्यान्न भंडारण के लिए 1000 मीट्रिक टन क्षमता वाले गोदाम निर्माण हेतु करमाटांड़, नारायणपुर और कुंडहित अंचल में उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराने की स्थिति की समीक्षा की गई, जिसमें बताया गया कि सभी स्थानों पर भूमि चिह्नित कर संबंधित विभाग को सौंप दी गई है। भू-लगान संग्रहण में नारायणपुर, कुंडहित और नाला में लक्ष्य से कम प्रगति पर असंतोष जताते हुए सुधार लाने का निर्देश दिया गया। साथ ही अंतर्विभागीय भूमि हस्तांतरण मामलों को शीघ्र निष्पादित करने को कहा गया।
उन्होंने 21 नवंबर से शुरू होने वाले “आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम में प्राप्त आवेदनों के त्वरित और प्राथमिकता-आधारित निष्पादन का निर्देश दिया। म्यूटेशन, सक्सेशन, पार्टीशन, सुओ-मोटू म्यूटेशन तथा भूमि सीमांकन के लंबित मामलों को समय-सीमा में निपटाने पर बल दिया गया। अपर समाहर्ता ने स्पष्ट कहा कि बिना ठोस कारण किसी भी आवेदन को निरस्त न किया जाए। जीएम लैंड सर्वे में अपेक्षित प्रगति लाने तथा प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लाभुकों को नियमानुसार अनुग्रह राशि उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक अभिलेख शीघ्र तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में अंचल निरीक्षक एवं संबंधित कर्मी मौजूद रहे।

