जामताड़ा गांधी मैदान में सांसद खेल महोत्सव का हुआ आयोजन कबड्डी व खो-खो प्रतियोगिताओं में उमड़ा जोश
जामताड़ा।
जामताड़ा गांधी मैदान में बुधवार को सांसद खेल महोत्सव सांसद खेल महोत्सव के तहत जिला कबड्डी एवं खो-खो संघ द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित कबड्डी और खो-खो प्रतियोगिताओं में जिले भर से पहुंचे खिलाड़ियों और युवाओं ने भरपूर जोश के साथ भाग लिया।खेल मैदान सुबह से ही खिलाड़ियों, दर्शकों और खेलप्रेमियों की भीड़ से गुलजार रहा। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन सांसद खेल महोत्सव के जिला संयोजक एवं भाजपा नेता हरिमोहन मिश्रा, भाजपा नेता वीरेंद्र मंडल, जिला खो-खो संघ के अध्यक्ष डॉ. डी.डी. भंडारी, जिला कबड्डी संघ के अध्यक्ष अरविंद ओझा, डॉ. चंचल भंडारी, सचिव नंदन कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष गौरव कुमार जोशी, सुनील प्रसाद सहित अन्य पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन के साथ ही मैदान में तालियों की गड़गड़ाहट और खिलाड़ियों के उत्साह ने माहौल को जीवंत कर दिया। इस मौके पर खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए जिला संयोजक हरिमोहन मिश्रा ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव का उद्देश्य ग्रामीण और स्थानीय स्तर पर छुपी खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि युवाओं को नशामुक्ति और सकारात्मक जीवनशैली की ओर भी अग्रसर करता है। उन्होंने युवाओं से खेल को जीवन का हिस्सा बनाकर आगे बढ़ने की अपील की। मैदान में आयोजित कबड्डी और खो-खो मुकाबलों में विभिन्न प्रखंडों से आए खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ी पूरी ऊर्जा के साथ जीत हासिल करने के लिए संघर्ष करते नजर आए। वहीं दर्शक खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए लगातार तालियां बजाते रहे। प्रतियोगिताओं में लड़के और लड़कियों दोनों श्रेणियों में मुकाबले आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।मौके पर डॉ. डी.डी. भंडारी, अरविंद ओझा, नंदन कुमार सिंह, निलेश कुमार, सुमित ओझा, विनायक सिंह, अविनाश कुमार राउत सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और खेल को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।

