पत्थर खदान के पास चार साइबर अपराधी गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जिले में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर अपराध में संलिप्त 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर नारायणपुर थाना क्षेत्र के बाँसपहाड़ी स्थित पत्थर खदान के पास छापेमारी की गई। छापेमारी टीम का नेतृत्व थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो के निर्देशन में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने किया।
छापेमारी के दौरान साइबर अपराध करते हुए चार आरोपी—नारायण मंडल (लटैया), महादेव रक्षित (मदनाडीह), अशरफ अंसारी (घाघरा, देवघर) और लालदू रक्षित (मदनाडीह)—को रंगे हाथ पकड़ा गया। इनके पास से 11 मोबाइल फोन, 11 सिम कार्ड, 1 एटीएम कार्ड और 1 मोटरसाइकिल बरामद की गई।
आरोपी बैंक के क्रेडिट/डेबिट कार्ड बंद होने का झांसा देकर लोगों के मोबाइल में स्क्रीन शेयरिंग ऐप डाउनलोड करवाते थे और गोपनीय जानकारी हासिल कर ठगी करते थे। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विभिन्न साइबर मामलों में पूर्व से भी आरोप पत्र दाखिल हैं।
चारों के विरुद्ध जामताड़ा साइबर थाना में कांड संख्या 67/25 दर्ज कर लिया गया है तथा सभी को जेल भेजा जा रहा है। पुलिस ने बताया कि इनका अपराध क्षेत्र झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल तक फैला हुआ था।

