झारखण्ड स्थापना दिवस एवं “आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार” को लेकर तैयारी बैठक सम्पन्न
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: झारखण्ड राज्य स्थापना दिवस समारोह 2025 एवं “आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर उपायुक्त रवि आनंद की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में बैठक आयोजित की गई। उपायुक्त ने बताया कि इस वर्ष झारखण्ड@25 थीम पर 11 से 15 नवम्बर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। 11 नवम्बर को “रन फॉर झारखण्ड” और एलईडी वाहन रैली का शुभारंभ होगा। 12 नवम्बर को स्कूलों में सांस्कृतिक कार्यक्रम, 13 नवम्बर को टूरिस्ट स्थलों पर साइकिल रैली, 14 नवम्बर को लाधना डैम में बोट फेस्टिवल सहित पेंटिंग, निबंध, वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समारोह को भव्य बनाने के निर्देश दिए। साथ ही बताया कि 15 नवम्बर को भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती हर्षोल्लास से मनाई जाएगी।
इसके अलावा, 18 नवम्बर से 15 दिसम्बर तक “आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार” अभियान चलेगा, जिसके तहत पंचायतों में शिविर लगाकर आय, जाति, आवासीय प्रमाणपत्रों का वितरण और सरकारी योजनाओं से लोगों को जोड़ा जाएगा। बैठक में विभिन्न जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

