15 साल से बदहाली का दंश झेल रही बिक्रमपुर-कालीपाथर मुख्य सड़क
निजाम खान। राष्ट्र संवाद
जामताड़ा: कुंडहित प्रखंड अंतर्गत बिक्रमपुर-कालीपाथर मुख्य मार्ग की दुर्दशा आज भी जस की तस है। करीब तीन किलोमीटर लंबी इस सड़क की हालत बीते 15 सालों से बेहद खराब है। इस सड़क से रोजाना सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं, लेकिन यहां सफर करना किसी चुनौती से कम नहीं।
सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े तालाबनुमा गड्ढे बने हुए हैं, जिनमें बरसात के दिनों में पानी भरने से हालात और भी बिगड़ जाते हैं। कहीं नुकीले पत्थर पसरे हैं तो कहीं गड्ढों की गहराई इतनी है कि दोपहिया वाहन सवारों के लिए यह रास्ता मौत के मुंह में जाने जैसा हो जाता है। स्थानीय लोग बताते हैं कि तीन किलोमीटर की यह दूरी तय करने में उतना समय लगता है, जितना 30 किलोमीटर की यात्रा में लगता है।
सड़क की खस्ताहाल स्थिति के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। कई बार लोग घायल हुए हैं, लेकिन अब तक इस ओर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। स्थानीय निवासियों का कहना है कि वर्षों से इस सड़क के मरम्मत की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक इस पर कोई पहल नहीं हो रही है।
अब स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही सड़क का निर्माण नहीं कराया गया तो वे आंदोलन करने पर मजबूर होंगे।
बिक्रमपुर-कालीपाथर मुख्य मार्ग की यह बदहाली केवल लोगों की परेशानी नहीं बढ़ा रही, बल्कि क्षेत्र के विकास में भी बड़ी बाधा बन चुकी है।

