गांव के विकास के लिए समर्पित पूर्व इनकम टैक्स ऑडिट ऑफिसर अरुण कुमार गोराय की प्रेरणादायक पहल
निजाम खान। राष्ट्र संवाद
जामताड़ा: बाबुपुर गांव, जामताड़ा जिले में एक नया इतिहास रचा गया, जब गांव के ही निवासी और पूर्व इनकम टैक्स ऑडिट ऑफिसर अरुण कुमार गोराय ने अपने संसाधनों से गांव को एक अत्याधुनिक एसबीआई बैंक भवन की सौगात दी। यह न सिर्फ जिले का सबसे हाईटेक मॉडल बैंक भवन है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र में विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक बड़ी पहल भी है।
अरुण कुमार गोराय का जीवन हमेशा समाज और देश सेवा को समर्पित रहा है। आयकर विभाग में सेवा के दौरान उन्होंने ईमानदारी और कुशलता से कार्य करते हुए प्रतिष्ठा अर्जित की। सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने शहर की आरामदायक जिंदगी को छोड़, अपने गांव लौटने का निर्णय लिया और गांव के विकास को अपना मिशन बना लिया।
उनकी इस सोच में उनकी धर्मपत्नी रूपाली गोराय ने कंधे से कंधा मिलाकर साथ दिया। दोनों का यह सपना था कि बाबुपुर जैसे ग्रामीण क्षेत्र में भी ऐसी सुविधाएं हों जो किसी शहर से कम न हों। इसी सोच के तहत उन्होंने अपने निजी खर्च पर एसबीआई का अत्याधुनिक बैंक भवन बनवाया। इस भवन का उद्घाटन डीजीएम विजय कुमार, आरएम निर्मल कुमार, बीडीओ मोहम्मद जमाले राजा,प्रमुख रामकिशोर मुर्मू,शाखा प्रबंधक निरज कुमार, थाना प्रभारी प्रदीप कुमार समेत कई अधिकारियों की उपस्थिति में हुआ।
अरुण गोराय की यह पहल साबित करती है कि अगर सोच सकारात्मक हो और इरादे मजबूत, तो बदलाव की शुरुआत कहीं से भी हो सकती है। उन्होंने न सिर्फ बैंक के जरिए गांव को वित्तीय रूप से सशक्त किया, बल्कि युवा पीढ़ी के लिए यह संदेश भी दिया कि वे भी अपने गांव और समाज के लिए कुछ बड़ा कर सकते हैं।
अरुण कुमार गोराय आज बाबुपुर ही नहीं, पूरे जामताड़ा जिले के लिए प्रेरणा स्रोत बन चुके हैं।

