राष्ट्र संवाद संवाददाता: सिराज अंसारी जामताड़ा
जामताड़ा: जिले में आज दोपहर क़रीब 12 बजे एक सड़क दुर्घटना में घायल हुए बुजुर्ग व्यक्ति की जान बचाने में पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता ने बड़ी भूमिका निभाई। बताया जा रहा है कि एसपी साहब बग़देरी थाना जा रहे थे, तभी रास्ते में एक बुजुर्ग व्यक्ति एक्सीडेंट के बाद खून से लथपथ सड़क किनारे पड़े हुए मिले। मानवता दिखाते हुए एसपी राजकुमार मेहता ने बिना देरी किए अपने एस्कॉर्ट वाहन से घायल बुजुर्ग को कुंडहित हॉस्पिटल भिजवाया। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग व्यक्ति के सिर से काफी खून बह चुका था,

लेकिन समय रहते इलाज मिलने से उनकी जान बच सकी। डॉक्टरों ने फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई है और प्राथमिक इलाज के बाद आगे की चिकित्सा की व्यवस्था की जा रही है। एसपी साहब के इस कदम की हर ओर सराहना हो रही है। यह घटना यह साबित करती है कि वर्दी में भी एक संवेदनशील दिल धड़कता है।

पृष्ठ रचनाकार: सिराज अंसारी जामताड़ा

