झांसी की रानी की पुण्यतिथि पर वीरता को किया नमन ,वरिष्ठ भाजपा नेता वीरेंद्र मंडल ने दी श्रद्धांजलि
निजाम खान।राष्ट्र संवाद
जामताड़ा: झांसी की रानी लक्ष्मीबाई की पुण्यतिथि पर जामताड़ा से भाजपा के वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र मंडल ने श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए उन्हें कोटि-कोटि नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई केवल एक ऐतिहासिक व्यक्तित्व नहीं, बल्कि भारत की आज़ादी की प्रथम क्रांति की ज्वाला थीं, जिन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ अपने प्राणों की आहुति देकर आने वाली पीढ़ियों को साहस और देशभक्ति का मार्ग दिखाया।
श्री मंडल ने कहा, “रानी लक्ष्मीबाई ने उस समय की सामाजिक और राजनीतिक सीमाओं को तोड़ते हुए यह सिद्ध कर दिया कि नारी शक्ति किसी भी चुनौती का सामना कर सकती है। आज उनकी पुण्यतिथि पर हम सभी को उनके आदर्शों को अपनाने और देश के लिए कुछ कर गुजरने की प्रेरणा मिलती है।”
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे रानी लक्ष्मीबाई के संघर्ष और बलिदान से सीख लेकर राष्ट्र सेवा में जुटें। “देशभक्ति, साहस और आत्मसम्मान के प्रतीक के रूप में झांसी की रानी हम सभी के लिए प्रेरणा स्रोत हैं,” उन्होंने कहा।
इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं और नगरवासियों ने भी सामूहिक रूप से रानी लक्ष्मीबाई के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और उन्हें याद किया। श्री मंडल की यह पहल समाज में देशभक्ति और महिला सशक्तिकरण के विचारों को और मजबूती देने वाली साबित हुई।
उनकी श्रद्धांजलि रानी लक्ष्मीबाई के अद्वितीय योगदान को याद करने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बन गई।

