गंडा समाज के अध्यक्ष सहित दर्जनों युवाओं एवं समाजसेवियों ने थामा भाजपा का दामन, महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने सभी का गर्मजोशी से किया स्वागत, धनुर्धर त्रिपाठी की हुई भाजपा में वापसी
जमशेदपुर। गंडा समाज के अध्यक्ष एवं जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा के पूर्व प्रत्यासी नरेश कुमार टांडिया ने अपने दर्जनों समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हुए। रविवार को जमशेदपुर महानगर जिला कार्यालय में महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने पार्टी का अंगवस्त्र पहनाकर भाजपा में स्वागत किया। इस दौरान पार्टी में शामिल होने वाले में धर्मेंद्र दीप, राजू नाल, गणेश कुमार टांडिया, संजू आनंद, मदन कुमार, अनिल महानंद, शंभू सोना, अशोक हरिपाल, तपार महानंद, पवन सोना शामिल थे। वहीं दूसरी ओर, शहर के विभिन्न क्षेत्रो से दर्जनों युवा एवं वरिष्ठ समाजसेवियों ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थामा। भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने सभी को अंगवस्त्र भेंटकर एवं मिठाई खिलाकर पार्टी में स्वागत किया। इस मौके पर राधेश्याम सिंह, धनुर्धर त्रिपाठी, सुनील सिंह, अशोक सिंह समेत अन्य भाजपा में शामिल हुए। इस दौरान भाजपा जिला महामंत्री अनिल मोदी, जिला मंत्री विजय तिवारी, कार्यालय सह प्रभारी संजीव चौरसिया, जिला आईटी सेल सह प्रभारी उज्वल सिंह जी सहित अन्य मौजूद रहे।
इस अवसर पर भाजपा अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने शामिल नेताओं को पार्टी के नीति-सिद्धांतों से अवगत कराते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रवादी विचारधारा आज देश के हर कोने में फैल चुकी है। मोदी जी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के सिद्धांत ने देश की जनता में नई आशा और विश्वास का संचार किया है। राज्य के झामुमो-कांग्रेस सरकार ने जनता के साथ लगातार धोखा और छल किया है। आज प्रदेश की जनता आने वाले भाजपा सरकार के नेतृत्व से आशान्वित है। भाजपा परिवार में सभी नेताओं का स्वागत हैं। हमें पूर्ण विश्वास है कि सभी साथी पार्टी की विचारधारा को अपनाते हुए सभी देश और समाज की सेवा में जुटेंगे।
पार्टी में शामिल समाजसेवियों ने कहा कि भाजपा की राष्ट्रवादी विचारधारा, देश के प्रति समर्पण, त्याग और कार्यकर्ताओं की सेवा भावना से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल हो रहे हैं। पिछले पांच साल में राज्य की झामुमो-कांग्रेस सरकार ने जनता के हितों की सबसे ज्यादा अनदेखी की है। आगामी विधानसभा चुनाव में सभी मिलकर पूरी मजबूती से भाजपा-एनडीए की सरकार बनाने में योगदान देंगें।