आसन्न लोकसभा चुनाव को देखते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से हर मोर्चे पर तैयारी तेज कर दी गई है। इसी कड़ी में कांग्रेस महिला कमेटी की ओर से जामताड़ा एवं दुमका जिला मिलाकर महिला मैत्री महासम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। सम्मेलन की सफलता और महिला संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से जामताड़ा परिसदन भवन में महिला कांग्रेस की बैठक आयोजित की गई। जिसमें प्रदेश सचिव सह जिला प्रभारी पूजा कुमारी शामिल हुई। महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष बेबी पासवान की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कार्यकर्ताओं के साथ उन्होंने विचार विमर्श किया। साथ हीं संगठन को मजबूती प्रदान करने के साथ-साथ इस कार्यक्रम को सफल बनाने एवं आसन्न लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार की जीत शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने की दिशा में महिला मोर्चा के पदाधिकारी को जरूरी टिप्स भी दिए। उन्होंने कहा कि संगठन में बहुत सुधार की आवश्यकता है। इसीलिए उन्हें इस जिला की जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने भरोसा जताया है कि जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में संगठन और बेहतर एवं मजबूत होगा।