उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी जामताड़ा शशि भूषण मेहरा की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न
नो हेलमेट नो पेट्रोल का कड़ाई से करें पालन- उपायुक्त
रोड सेफ्टी हेतु उच्च विद्यालयों में चलाएं जागरूकता अभियान, करें प्रचार प्रसार – उपायुक्त
रोड साइनेज एवं रंबल स्ट्रिप जल्द से जल्द लगाएं- उपायुक्त*
लोगों की जान बहुत कीमती है, सड़क सुरक्षा का नियमों का पालन बेहद जरूरी है, कड़ाई से अनुपालन कराएं*
वाहन जांच अभियान चलाकर बिना हेलमेट, सीटबेल्ट एवं सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने वालों पर करें कार्रवाई – उपायुक्त
आज दिनांक 10.11.2023 को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी जामताड़ा श्री शशि भूषण मेहरा (भा०प्र०से०) की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आहूत की गई। इस मौके पर वन प्रमंडल पदाधिकारी श्री बनकर अजिंक्य देवीदास (भा०प्र०से०), उप विकास आयुक्त श्री अनिलसन लकड़ा, अपर समाहर्ता श्री सुरेंद्र कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी श्री अनंत कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री अजय तिर्की, सिविल सर्जन डॉ एस के मिश्रा सहित अन्य मौजूद रहे।
बैठक में समीक्षा के दौरान विगत बैठक में दिए गए निर्देश के आलोक में की गई कार्रवाई की समीक्षा के अलावा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने, ओवर स्पीडिंग रोकने, रोड साइनेज लगाने, नो हेलमेट नो पेट्रोल का अनुपालन, गुड सेमेरिटन का प्रचार प्रसार, हिट एंड रन के लंबित मामले का निष्पादन, अनफिट वाहनों का चालान करने सहित विभिन्न बिंदुओं पर समीक्षा किया।
*नो हेलमेट नो पेट्रोल का कड़ाई से अनुपालन करें*
बैठक में समीक्षा के दौरान जिले में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता अभियान, वाहन जांच अभियान, पेट्रोल पंपों पर नो हेलमेट नो पेट्रोल का कड़ाई से पालन करने हेतु जिले के सभी पेट्रोल पंप संचालकों को दिए निर्देश के अनुपालन की समीक्षा की। बताया गया कि बिना हेलमेट के 60 एवं बिना सीट बेल्ट के 04 वाहनों पर कार्रवाई की गई जबकि 08 पेट्रोल पंप सीसीटीवी फुटेज जांच कर आदेश के अवहेलना करने पर नियमसंगत कार्रवाई हेतु निर्देश दिया।
*लोगों की जान बहुत कीमती है, इसे बचाएं*
वहीं उपायुक्त ने क्षेत्र में लगातार वाहन जांच चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि वाहन जांच के दौरान आम लोगों को बताएं कि हेलमेट, ट्रिपल राइड, सीट बेल्ट बहुत जरूरी है। ओवर स्पीडिंग गलत साइड में वाहन चलाना सुरक्षात्मक एवं कानूनी दोनो दृष्टिकोण से गलत है एवं यह अपराध है। लोगों की जान कीमती है, ऐसे में उन्हें जागरूक करने तथा लापरवाह वाहन चालकों के विरुद्ध वाहन जांच अभियान के दौरान कार्रवाई करें। उन्होके अपील कर कहा कि सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा से जुड़ा है, इसका उद्देश्य आप सबों की सुरक्षा है, ताकि लोग सभी नियमों का अनुसरण करें एवं दुर्घटना नगण्य हो सके।
*विभिन्न वाहनों पर हुई कार्रवाई*
वहीं जिला परिवहन पदाधिकारी के द्वारा बताया गया कि जिला अन्तर्गत सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने हेतु निदेशानुसार जिला परिवहन पदाधिकारी, जामताड़ा, मोटरयान निरीक्षक एवं सड़क सुरक्षा टीम जामताड़ा के द्वारा संयुक्त वाहन जाँच अभियान चलाया गया जिसमें हेलमेट / ट्रिपल राइड/ सीट बेल्ट / ओवरस्पीड आदि का जाँच किया गया। जिला अन्तर्गत सभी थानों में वाहन जाँच कर 175 दोपहिया वाहन चालकों एवं 15 चारपहिया वाहन चालकों पर एमवी एक्ट के अनुसार कार्रवाई की गई है तथा 372 वाहनों से दण्ड राशि वसूल की गई है।
उपायुक्त ने समीक्षा के दौरान कहा कि लोगों में जागरूकता फैलाएं। इसके लिए बैनर पोस्टर, साइनेज आदि का प्रयोग करें। जीवन अनमोल है यह बात लोगों तक पहुंचाए।
इसके अलावा उन्होंने सभी उच्च विद्यालयों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन करने को निर्देश दिया।
*अनाधिकृत गति अवरोधक को जल्द से जल्द हटाएं*
उपायुक्त श्री शशि भूषण मेहरा ने ग्रामीण मुख्य सड़कों पर अनावश्यक रूप से बनाए गए गति अवरोधकों को हटाने के लिए किए विगत बैठक में दिए निर्देश की समीक्षा करते हुए जिला परिवहन पदाधिकारी को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। कहा कि अनावश्यक रूप से बने अवरोधक दुर्घटना का कारण बनते हैं और जानमाल की क्षति होने का खतरा रहता है। वहीं इस संबंध में बताया गया कि कार्यपालक अभियंता पथ निर्माण विभाग पथ प्रमंडल जामताड़ा के द्वारा प्रतिवेदित किया गया है। जिला अंतर्गत सड़कों में बनाये गये अनऑथराइज्ड हंप्स (जिससे सड़क दुर्घटना होने की संभावना हो) हेतु संबंधित कनीय अभियंताओं द्वारा ग्रामीणों स्थानीय नागरिकों को जागरूक किया जा रहा है एवं जिला सड़क सुरक्षा समिति द्वारा भी जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उपायुक्त ने जागरूकता फैलाने के साथ निर्देश दिया कि जितने भी अनाधिकृत रूप से अवरोधक बनाए गए हैं, उसे अविलंब हटाएं अगर कोई रोकता है तो उसके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करवाएं।
*सड़क किनारे संचालित होटलों/ढाबों में अवैध शराब बिक्री पर लगाएं रोक*
बैठक के दौरान उपायुक्त ने जिला अंतर्गत गोविंदपुर साहेबगंज एडीबी रोड, मिहिजाम जामताड़ा दुमका पथ, नाला दुमका पथ पर संचालित होटलों/ढाबों में शराब बिक्री पर रोक हेतु नियमित छापेमारी करने का निर्देश दिया।
*जर्जर/अनफिट डम्फरों को सीज करने का निर्देश*
वहीं बैठक के दौरान ईसीएल चितरा प्रबंधन अंतर्गत परिवहन में लगे सभी वाहनों में रिफ्लेक्टिव टैप, हेड एंड रियर लाइट, फिटनेस, विजिबिलिटी के साथ प्रदर्शित होने वाले नंबर प्लेट, व्हीकल ट्रैकिंग डिवाइस आदि के जांच की समीक्षा की। वहीं कोयला ढुलाई में लगे जर्जर/अनफिट डम्फरों को सीज करने के लिए मोटर यान निरीक्षक को निर्देश दिया गया।
गुड सेमेरिटन के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया।
इसके अलावा उपायुक्त ने सभी थाना प्रभारी, चिकित्सक एवं निजी अस्पतालों आदि से आपसी समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही गुड सेमेरिटन के प्रोत्साहन एवं जागरूकता हेतु पोस्टर बैनर लगाने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा एंबुलेंस सेवा के तहत सरकारी एवं निजी एम्बुलेंस चालकों एवं दुर्घटना के क्रम में क्विक रिस्पॉन्स हेतु निर्देश दिया गया।
*हिट एंड रन से जुड़े सभी मामलों का शीघ्र करें निष्पादन*
उपायुक्त ने बैठक में इसकी समीक्षा करते हुए कहा कि जिले में हिट एंड रन से जुड़े जो भी मामले लंबित मामले हैं, उसका शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया।
*आईआरएडी से संबंधित डेटाबेस को ससमय पोर्टल में करें अपलोड*
उपायुक्त द्वारा आईआरएडी से संबंधित जिला अंतर्गत घटित सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा के पश्चात डीआरएम को घटित दुर्घटनाओं के डाटा को सीएचसी से समन्वय स्थापित कर समय पर पोर्टल में अपलोड करने का निर्देश दिया गया।
*इनकी रही उपस्थिति*
इस मौके पर उपरोक्त के अलावा कार्यपालक अभियंता पथ निर्माण विभाग, महाप्रबंधक एसपी माइंस चितरा, मोटरयान निरीक्षक श्री संजय हांसदा, सचिव, सहित सड़क सुरक्षा टीम के कर्मी तौसीफ जलीली, सतीश कुमार सिंह, माज आलम एवं अन्य उपस्थित थे।

