
शनिवार को कुंडहित प्रखंड के अम्बा पंचायत अंतर्गत सियारसूली हरिजन टोला में श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ कलश शोभायात्रा के साथ हुआ। चार दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के प्रथम दिन सुबह के पहर भक्तों ने गाजेबाजे के साथ 151 कुमारी कन्याओं द्वारा कलश शोभायात्रा निकाली गई।सियारशूली हरिजन टोला कमिटी द्वारा पहले राहुल बाउरी की तस्वीर पर माल्यर्पण किया उसके बाद एक मिनट मौन धारण किया।कथास्थल पर लगभग दस बजे बर्धमान जिला के कालीसाखो गांव से पहुंचे कथावाचक सुशील चक्रवर्ती महाराज ने सर्वप्रथम आयोजन स्थल पर विधि-विधान से पूजा अर्चना की। इसके बाद पीले वस्त्र में सिर पर कलश लेकर मौजूद भक्तों को माथे पर तिलक लगाकर तथा गंगाजल छिड़ककर यात्रा के लिए प्रस्थान कराया। शोभायात्रा मंदिर परिसर से सियारसुली गांव होते हुए कुरुली नदी पहुंचकर कलश में जल भरकर पुन: कथास्थल पर पहुंची। आयोजक मंडल के अनुसार श्रीमद्भागवत कथा वाचन प्रतिदिन सात बजे से रात 11 बजे तक किया जाएगा।
इस दौरान कथा वाचक सुशील चक्रवर्ती महाराज ने कहा कि सभी कथाओं में श्रीमद्भागवत कथा श्रेष्ठ है। जिस स्थान पर भागवत कथा का आयोजन होता है, वह तीर्थ स्थल कहलाता है। इसे सुनने और आयोजन करने का सौभाग्य प्रभु प्रेमियों को ही मिलता है। इसके सुनने से मनुष्य बुराई त्याग कर धर्म के रास्ते पर चलने के साथ-साथ मोक्ष को प्राप्त करता है। मौके पर प्रमुख रामकिशोर मुर्मू, उपप्रमुख नसीबुल खान, जिला परिषद सदस्य रीना मंडल, पूर्व जिला परिषद सदस्य भजहरी मंडल, पंचायत समिति सदस्य सुकुमार बाउरी, अंबा पंचायत के मुखिया दुलुसिंह टुडु के अलावे काफी संख्या में सियारसुली तथा आसपास गांव के ग्रामीण उपस्थित थे।

