सोना देवी विश्वविद्यालय में धूमधाम से मनाया गया राष्ट्रीय शिक्षक दिवस, ‘आगाज-3’ का समापन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। सोना देवी विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय शिक्षक दिवस बड़े उत्साह और धूमधाम से मनाया गया। विवेकानंद ऑडिटोरियम में कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण से हुई। कुलाधिपति श्री प्रभाकर सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय की गरिमा यहां के प्राध्यापकों से है। बिना गुरु के सम्मान के कोई भी संस्था आगे नहीं बढ़ सकती। शिक्षकों की जिम्मेदारी है कि वे भावी पीढ़ियों को संभालें और विद्यार्थियों का नैतिक विकास करें।

कुलपति डॉ. जेपी मिश्रा ने कहा कि आज के परिवर्तनशील समाज में शिक्षकों को समय के साथ बदलना होगा। शिक्षक परिस्थिति के अनुसार स्वयं को तैयार करें और विद्यार्थी परिश्रम कर अपनी सोच को विकसित करें। कुलसचिव प्रो. डॉ. गुलाब सिंह आजाद ने कहा कि शिक्षक दिवस तभी सार्थक होगा जब हम महापुरुषों के जीवन दर्शन और शिक्षा को आत्मसात करेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा का उपयोग समाज कल्याण के लिए करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर फ्रेशर्स वीक ‘आगाज-3’ का समापन भी हुआ। विभिन्न प्रतियोगिताओं, खेलकूद और योग कार्यक्रमों के विजेताओं को पुरस्कार और प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। इस प्रकार शिक्षक दिवस के अवसर पर सोना देवी विश्वविद्यालय में ज्ञान, प्रेरणा और उत्साह का संगम देखने को मिला।


