विधायक सरयू राय ने छह नए ई-रिक्शा कचरा संग्रहण वाहनों को किया फ्लैग ऑफ
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने की दिशा में विधायक जमशेदपुर पश्चिम सरयू राय ने बुधवार को छह नए ई-रिक्शा आधारित डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये सभी वाहन विधायक निधि मद से क्रय किए गए हैं।
इस अवसर पर विधायक सरयू राय ने कहा कि स्वच्छ शहर के निर्माण में आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल संसाधनों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि ई-रिक्शा आधारित ये वाहन प्रदूषण रहित होने के साथ-साथ संकरी गलियों और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में भी प्रभावी रूप से कचरा संग्रहण का कार्य करेंगे।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे घरों से निकलने वाले सूखे और गीले कचरे को अलग-अलग रखें तथा नगर निकाय की डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था में सहयोग करें।
कार्यक्रम में उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार, नगर निकाय के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्वच्छता कर्मी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि नए वाहनों के जुड़ने से शहर में कचरा संग्रहण क्षमता बढ़ेगी और स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।

