विधायक संजीव सरदार की पहल, कचरा उठाव और टैंकर सेवा की शुरुआत
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के बागबेड़ा इलाके को स्वच्छ बनाने और पेयजल संकट से राहत दिलाने की दिशा में एक अहम पहल की गई है। क्षेत्र के विधायक संजीव सरदार ने डोर-टू-डोर कचरा उठाव और पानी टैंकर सेवा की शुरुआत कर दी है। बागबेड़ा क्षेत्र में स्वच्छता और पानी की समस्या को देखते हुए विधायक संजीव सरदार के प्रयास से एक पायलट प्रोजेक्ट की शुरुआत की गई है। इसके तहत पंचायत क्षेत्रों में डोर-टू-डोर कचरा उठाने के लिए विशेष वाहनों की व्यवस्था की गई है, साथ ही पेयजल संकट से राहत के लिए पानी टैंकर सेवा भी शुरू की गई है। इन सेवाओं का शुभारंभ जिला मुख्यालय परिसर से किया गया, जहां विधायक संजीव सरदार और उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने हरी झंडी दिखाकर वाहनों को रवाना किया। इस पहल को फिलहाल पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया गया है, जिसे आगे और विस्तार देने की योजना है। आने वाले समय में जरूरत के अनुसार वाहनों की संख्या बढ़ाई जाएगी, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके। वहीं, इस सेवा को लगातार सुचारू रूप से चलाने के लिए क्षेत्रवासियों से एक न्यूनतम स्वच्छता शुल्क भी लिया जाएगा, जिससे बेहतर व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी।

