राष्ट्र संवाद संवाददाता
पोटका प्रखंड मुख्यालय में मंगलवार को आयोजित तैयारी बैठक में विधायक संजीव सरदार ने 15 जून से शुरू होने वाले प्रसिद्ध हरिणा मेला के शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, पेयजल, स्वास्थ्य, बिजली, यातायात और विधि-व्यवस्था पर विशेष जोर दिया गया। ग्रामीणों की मांग पर मेला परिसर में शराब बिक्री और बूगी-बूगी डांस कार्यक्रम पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया। विधायक ने कहा कि झारखंड, ओड़िशा और पश्चिम बंगाल से बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिणा पहुंचते हैं, इसलिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने पार्किंग व्यवस्था, आपातकालीन मार्ग, सुरक्षा निगरानी, रैश ड्राइविंग पर रोक और 24 घंटे आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं, मुसाबनी डीएसपी रोहित कुमार राजवार ने कहा कि प्रशासन मेला के सफल आयोजन के लिए पूरी तरह सतर्क है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

