खेत में उतरीं विधायक पूर्णिमा दास साहू, महिलाओं के साथ की धान रोपनी, बचपन की यादें हुईं ताजा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा की विधायक पूर्णिमा दास साहू ने एक अलग ही अंदाज में किसानों और ग्रामीण महिलाओं के प्रति अपना सम्मान व्यक्त किया। रांची से जमशेदपुर लौटने के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर तमाड़ के नीरूडीह गांव के पास उन्होंने खेतों में महिलाओं को धान की रोपनी करते देखा। यह दृश्य देखते ही विधायक स्वयं को रोक नहीं सकीं और अपना वाहन रुकवाकर सीधे खेत में उतर गईं।
खेत में पहुंचकर विधायक ने ग्रामीण महिलाओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर धान की रोपनी की। इस दौरान खेत में मौजूद महिलाओं ने भी उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। विधायक को अपने बीच पाकर महिलाएं काफी उत्साहित नजर आईं। कुछ देर तक उन्होंने किसानों और महिलाओं से खेती-किसानी की स्थिति, बारिश और फसल से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा की।

विधायक पूर्णिमा दास साहू ने कहा कि किसान देश की रीढ़ हैं और उनके परिश्रम की बदौलत ही लोगों की थाली तक अन्न पहुंचता है। उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत और संघर्ष का सम्मान करना हम सभी का दायित्व है। खेत में काम करना आसान नहीं होता, लेकिन किसान हर मौसम की चुनौतियों का सामना करते हुए पूरे समर्पण के साथ खेती करते हैं।
इस अवसर पर विधायक ने अपने बचपन की यादों को भी साझा किया। उन्होंने कहा, “आज खेत में उतरते ही बचपन के दिन याद आ गए। जब मैं छोटी थी तो अपनी बुआ के घर जाती थी और वहां गांव की महिलाओं के साथ धान की रोपनी किया करती थी। आज वर्षों बाद फिर से वही अनुभव मिला, जिससे मन बेहद भावुक हो गया।”
ग्रामीण महिलाओं ने विधायक के इस आत्मीय व्यवहार की सराहना करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों का इस तरह आम लोगों के बीच आकर उनकी मेहनत को समझना और उसमें सहभागी बनना प्रेरणादायक है। खेत में विधायक के धान रोपनी करने का वीडियो भी लोगों ने अपने मोबाइल में कैद किया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

