बर्मामाइंस ईस्ट प्लांट बस्ती में सूर्य मंदिर विवाद को लेकर बैठक, मंदिर समिति के गठन का निर्णय
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: बर्मामाइंस ईस्ट प्लांट बस्ती स्थित सूर्य मंदिर को लेकर उत्पन्न विवादों के बीच आज विकास भवन के पास एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता श्री राम सूरत राम ने की, जो मंदिर निर्माण से जुड़े अंतिम जीवित संस्थापक सदस्य हैं।

बैठक का मुख्य उद्देश्य मंदिर की भूमि पर पुजारी परिवार द्वारा अवैध कब्जा, महिलाओं को पूजा से रोकना, यज्ञशाला पर अतिक्रमण, छठ घाट की जमीन पर निजी कब्जे का प्रयास और बस्तीवासियों को डराने-धमकाने जैसे गंभीर आरोपों पर चर्चा करना था।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि मंदिर के संस्थापक श्री राम सूरत राम को नई मंदिर समिति का प्रारूप तैयार करने एवं तीनों मंदिरों के संचालन हेतु नवीन कमेटी गठित करने का अधिकार दिया जाए।

सभी ने इस बात पर सहमति जताई कि मंदिर में सभी के लिए खुला प्रवेश, समुचित व्यवस्था और समुचित विकास कार्य सुनिश्चित किया जाए। बैठक में बड़ी संख्या में बस्तीवासी उपस्थित रहे और एकजुट होकर मंदिर की पवित्रता व सामूहिक स्वामित्व की रक्षा का संकल्प लिया।


