गुरु तेग बहादुर की 350वीं शहादत वर्षगांठ पर निकलेगी शहीदी जागृति यात्रा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : सिखों के नवें गुरु श्री गुरु तेग बहादुर जी एवं उनके तीन शिष्यों की 350वीं शहादत वर्षगांठ पर सिख समुदाय इसे राष्ट्रीय गौरव के रूप में मनाएगा। 31 अगस्त को तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब से विशाल शहीदी जागृति यात्रा निकलेगी, जो बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, उड़ीसा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड होते हुए दिल्ली गुरुद्वारा शीशगंज साहिब पहुंचेगी। यहां 24 नवंबर 1675 को गुरु तेग बहादुर और उनके शिष्यों ने बलिदान दिया था।

इस यात्रा का उद्देश्य गुरु तेग बहादुर जी के संदेशों, भारत की विविधता में एकता, राष्ट्रीयता और राष्ट्रवाद का प्रसार करना है। आयोजन में तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब प्रबंधन कमेटी, शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC), दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी और देशभर की सिख संस्थाएं सहयोग करेंगी।

कोल्हान की सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (CGPC) को झारखंड और पश्चिम बंगाल के सिखों को जोड़ने और यात्रा की सफलता का दायित्व सौंपा गया है। इसके लिए सरदार भगवान सिंह के नेतृत्व में बैठकों और दौरों का आयोजन होगा, ताकि समाज की एकता और चढ़दी कला का संदेश व्यापक स्तर पर पहुंचाया जा सके।


