19 थानों को छोड़कर पूरा प्रदेश Disturbed Area घोषित, खडग़े बोले- सुंदर राज्य बना युद्धक्षेत्र
इम्फाल. मणिपुर में दो स्टूडेंट्स की हत्या के बाद हालात फिर से काफी बिगड़ गए हैं. राज्य सरकार ने एक अक्टूबर से अगले 6 महीने के लिए राज्य को अशांत क्षेत्र घोषित किया है. सिर्फ 19 थानों को इससे अलग रखा गया है. इंटरनेट भी बैन कर दिया गया है. हिंसा में कमी आने के बाद 23 सितंबर मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बहाल की गई थीं.
सरकार ने यह कदम सशस्त्र बल विशेष अधिकार अधिनियम (AFSPA) कानून के तहत उठाया है. इसके तहत सशस्त्र बलों, राज्य और अर्धसैनिक बलों को विशेष शक्तियां मिल जाती हैं.
सरकार ने कहा- मदद के लिए सशस्त्र बलों की जरूरत
जारी आदेश में एन बीरेन की सरकार ने कहा कि कई चरमपंथी/विद्रोही विचारधारा के हिंसक हमले के कारण पूरे मणिपुर में नागरिक प्रशासन की सहायता के लिए सशस्त्र बलों की जरूरत है. आगे कहा गया है कि राज्य में समग्र कानून और व्यवस्था की स्थिति और राज्य की कानून की क्षमता को देखते हुए राज्य सरकार ने छह महीने की अवधि के लिए वर्तमान शांति क्षेत्र की स्थिति पर यथास्थिति बनाए रखने का निर्णय लिया है.
इन थानों को आदेश से रखा गया बाहर
इंफाल, लाम्फेल, सिटी, सिंजामेई, सेकमाई, लैमसांग, पाटसोई, वांगोई, पोरोम्पैट, हेइंगांग, लामलाई, इरिलबांग, लीमाखोंग, थौबल, बिष्णुपुर, नामबोल, मोइरंग, काकशिंग और जिरीबाम पुलिस थानों को इस आदेश से बाहर रखा गया है.
दो छात्रों की हत्या के बाद बिगड़ा माहौल
दरअसल, इंफाल में मंगलवार को दो छात्रों के अपहरण और हत्याकांड को लेकर पूरे प्रदेश में हिंसक प्रदर्शन हुए. हजारों छात्रों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया. इस दौरान रेड एक्शन फोर्स के साथ झड़प हुई. जिसमें 45 लोग घायल हो गए. बुधवार को लगातार दूसरे दिन भी प्रदर्शन हुए.
आज इंफाल जाएगी सीबीआई
स्टूडेंट्स की हत्या की जांच के लिए सीबीआई आज इंफाल जाएगी. इसकी जानकारी सीएम एन बीरेन सिंह ने दी है. उन्होंने कहा कि इस मामले में केंद्र और राज्य सरकार मिलकर काम कर रही है. दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा. जल्द ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी.
कांग्रेस अध्यक्ष खडग़े ने उठाई ये मांग
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने बुधवार को मणिपुर में हिंसा को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना की है. उन्होंने मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह को बर्खास्त करने की मांग की. उन्होंने एक्स पर ट्वीट करते हुए लिखा कि 147 दिनों से मणिपुर के लोग पीडि़त हैं. लेकिन पीएम मोदी के पास मणिपुर जाने का समय नहीं है. खूबसूरत मणिपुर को युद्ध के मैदान में बदल दिया गया है. यह सब बीजेपी के कारण है. अब समय आ गया है कि पीएम मोदी बीजेपी के अयोग्य सीएम को बर्खास्त करें.

