सांसद दुल्लू महतो और प्रिंस खान के कथित संबंधों की जांच की मांग, डीजीपी को लिखा गया पत्र
राष्ट्र संवाद संवाददाता
रांची। धनबाद सांसद दुल्लू महतो और फरार अपराधी प्रिंस खान के बीच कथित संबंधों की उच्चस्तरीय जांच की मांग को लेकर झारखंड के डीजीपी तदाशा मिश्रा को पत्र लिखा गया है। यह पत्र धनबाद निवासी शुभम कुमार यादव द्वारा भेजा गया है।
पत्र में शुभम कुमार ने दावा किया है कि हाल के दिनों में मीडिया और पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि कुख्यात अपराधी प्रिंस खान पाकिस्तान में रहकर रंगदारी का नेटवर्क चला रहा है। आरोप है कि इस नेटवर्क का संबंध आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से भी हो सकता है।
पत्र में यह भी कहा गया है कि रंगदारी से वसूली गई राशि का एक हिस्सा कथित तौर पर आतंकी संगठन तक पहुंचाया जाता है, जिससे यह मामला राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय बन जाता है। इसी आधार पर पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की गई है।
आवेदन में देश में हुए बड़े आतंकी हमलों जैसे संसद हमला, पठानकोट एयरबेस हमला, उरी हमला और पुलवामा हमले का जिक्र करते हुए कहा गया है कि ऐसे संगठनों से किसी भी प्रकार का संबंध बेहद चिंताजनक है और इसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि यदि किसी जनप्रतिनिधि का नाम इस तरह के मामले में सामने आता है, तो निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच आवश्यक हो जाती है, ताकि सच्चाई सामने आ सके और कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

