जमशेदपुर में कुष्ठ जागरूकता बाइक रैली, इलाज योग्य रोग पर फैलाई गई जागरूकता
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर में 7 दिसंबर 2025 को सासाकावा-इंडिया लेप्रोसी फाउंडेशन द्वारा कुष्ठ रोग जागरूकता बाइक रैली का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य जनता को यह संदेश देना था कि कुष्ठ रोग पूरी तरह से इलाज योग्य है और इसके प्रति फैली भ्रांतियों को खत्म करना जरूरी है। रैली बाराद्वारी स्थित पीपुल्स एकेडमी से शुरू होकर गोलमुरी, साकची, बिष्टुपुर, पीजेपी मॉल, स्टेट माइल रोड, जुबिली पार्क और गांधी आश्रम होते हुए शांतिपूर्वक समाप्त हुई।
कार्यक्रम में S-ILF के सीईओ गौरव सिंह, जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. राजीव लोचन महतो, S-ILF राज्य कोऑर्डिनेटर सैमुअल हांसदा, APAL India के प्रतिनिधि तथा RKMC और जोड़ी राइडर्स के दर्जनों बाइकर्स शामिल हुए। रैली में विभिन्न कुष्ठ आश्रमों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लेकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।
अपने संबोधन में S-ILF के सीईओ ने बताया कि संस्था 21 राज्यों में आजीविका, छात्रवृत्ति और ड्रेसिंग किट वितरण जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से कुष्ठ प्रभावित परिवारों को सशक्त बनाने का कार्य कर रही है। राइडर्स ने लोगों से अपील की कि उपचार योग्य इस बीमारी को लेकर फैली गलतफहमियों को दूर करें, भेदभाव न बढ़ाएँ और समय पर जांच व इलाज कराएँ। हेलमेट और ट्रैफिक नियमों का पालन करते हुए रैली उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।

