*खेलते-खेलते पानी भरे गड्ढे में डूबे भाई-बहन, गांव में पसरा मातम*
*आनंदपुर के बाघचट्टा गांव की घटना, शाम को तलाश के दौरान मिले दोनों बच्चों के शव*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, चाईबासा
पश्चिमी सिंहभूम जिले के आनंदपुर थाना क्षेत्र के बाघचट्टा गांव में बारिश के पानी से भरे गहरे गड्ढे में डूबने से सगे भाई-बहन की मौत हो गई। मृतकों की पहचान छह वर्षीय गोडसन टुडू और चार वर्षीय एंजेल टुडू के रूप में हुई है। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया गया कि दोनों बच्चे कल आनंदपुर स्थित डीएवी स्कूल गए थे। दोपहर करीब दो बजे स्कूल से लौटने के बाद भोजन कर दोनों घर के पास खेलने निकल गए। खेलते-खेलते वे घर से करीब सौ मीटर दूर स्थित एक गहरे गड्ढे के पास पहुंच गए। बारिश के पानी से गड्ढा पूरी तरह भर गया था। अनुमान लगाया जाता है कि खेलते समय बहन एंजेल टुडू गड्ढे में गिरी होगी और उसे निकालने के प्रयास में भाई गोडसन भी फिसल गया होगा। आसपास किसी के मौजूद नहीं होने के कारण तत्काल मदद नहीं मिल सकी।
शाम तक बच्चे घर नहीं लौटे तो पिता अगस्तीन टुड्डू ने ग्रामीणों के साथ तलाश शुरू की। करीब सात बजे पानी भरे गड्ढे में दोनों के शव मिले। ग्रामीणों ने दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस को घटना की सूचना दी गई है।

