वीर बैकुंठ शुक्ल अमर रहे के नारों से गूंजा कालीमाटी रोड
गया सेंट्रल जेल में शहीद बैकुंठ शुक्ल की आदमकद प्रतिमा स्थापित करने की मांग
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। महान स्वतंत्रता सेनानी और अमर क्रांतिकारी शहीद बैकुंठ शुक्ल की पुण्यतिथि पर गुरुवार को कालीमाटी रोड स्थित नमन परिवार के तत्वावधान में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम स्थल ‘वीर बैकुंठ शुक्ल अमर रहें’ के नारों से गूंज उठा। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए और राष्ट्रभक्ति तथा त्याग के उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
सभा में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर बिहार सरकार और केंद्र सरकार से गया सेंट्रल जेल परिसर में शहीद बैकुंठ शुक्ल की आदमकद प्रतिमा स्थापित करने की मांग की गई। उल्लेखनीय है कि मात्र 27 वर्ष की आयु में बैकुंठ शुक्ल को अंग्रेजों ने गया सेंट्रल जेल में फांसी दी थी।
नमन परिवार के संस्थापक अमरप्रीत सिंह काले ने कहा कि बैकुंठ शुक्ल का जीवन साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति का अद्वितीय उदाहरण है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से इस ऐतिहासिक स्थल पर प्रतिमा स्थापित कर उन्हें राष्ट्रीय सम्मान देने की अपील की।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार जयप्रकाश राय, सुधीर कुमार सिंह, बलविंदर सिंह, नीरू सिंह, राम केवल मिश्रा, विपिन झा, सरोज सिन्हा सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने अपने विचार व्यक्त किए। अंत में रिंकू दुबे ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

