पत्रकार कुमार मनीष के पिता उमेश कुमार तिवारी का निधन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर:बागबेड़ा कॉलोनी निवासी एवं टाटा मोटर्स के सेवानिवृत्त सीनियर इंजीनियर उमेश कुमार तिवारी (82) का मंगलवार सुबह निधन हो गया। अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें आनन-फानन में टाटा मेन हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मूल रूप से बिहार के सारण जिले के अमनौर निवासी उमेश कुमार तिवारी ने 01 जनवरी 1964 को ट्रेड अप्रेंटिस के रूप में टाटा मोटर्स में सेवा आरंभ की थी। अपने कार्यकाल में उन्होंने बॉडी शॉप, पेंट शॉप, प्लांट-3 समेत कई विभागों में योगदान दिया। सेवानिवृत्ति के बाद भी वे सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों में सक्रिय रहे।

वे अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र और एक पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके ज्येष्ठ पुत्र कुमार आलोक टाटा पावर में सीनियर एसोसिएट हैं, जबकि छोटे पुत्र कुमार मनीष पत्रिका ‘लहर चक्र’ के संपादक हैं। उनकी पुत्री अंकिता बिहार सरकार में शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं।

धर्मपरायण, समाजसेवी और सनातन संस्कारों के प्रतीक रहे उमेश कुमार तिवारी के निधन पर प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर, श्रीकृष्ण मेमोरियल संघ, बागबेड़ा समेत कई सामाजिक-सांस्कृतिक संगठनों के पदाधिकारियों और सदस्यों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।


