खनन-खनिज अधिनियम के विरोध में आंदोलन की तैयारी, झामुमो ने केंद्र को दी चेतावनी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। खनन-खनिज अधिनियम 2026 के विरोध में झामुमो ने आंदोलन की तैयारी शुरू कर दी है। रविवार को सर्किट हाउस में पार्टी के केंद्रीय प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी ने संवाददाता सम्मेलन में नए कानून का विरोध किया।
उन्होंने दावा किया कि कानून से झारखंड को करीब 14,656 करोड़ रुपये का नुकसान होगा, जिससे मंईयां सम्मान योजना, पेंशन समेत कई जनकल्याणकारी योजनाएं प्रभावित हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने केंद्र को पत्र लिखकर राज्य की आपत्ति दर्ज कराई है और राष्ट्रपति से भी हस्तक्षेप की मांग की गई है।
कुणाल षाड़ंगी ने चेतावनी दी कि मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं हुआ तो झामुमो सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगा। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो झारखंड से खनन का एक भी पत्थर बाहर नहीं जाने दिया जाएगा।

