जमशेदपुर: हिमांशु सिंह की मौत के बाद टीएमएच में हंगामा, रीगल चौक पर पांच घंटे जाम; पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल
राष्ट्र संवाद संवादाता
बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन बार के बाहर हुई चाकूबाजी में गंभीर रूप से घायल करणी सेना के सरायकेला-खरसावां युवा जिलाध्यक्ष हिमांशु कुमार सिंह की सोमवार शाम इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) का माहौल तनावपूर्ण हो गया। बड़ी संख्या में समर्थक और परिजन अस्पताल पहुंच गए तथा करीब एक घंटे तक हंगामा किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए शहर के कई थानों की पुलिस और अतिरिक्त बल को मौके पर तैनात किया गया। अधिकारियों के समझाने-बुझाने के बाद हालात सामान्य हुए।
हिमांशु के शव को टीएमएच की मॉर्चरी में रखा गया है। मंगलवार को मेडिकल बोर्ड की निगरानी में पोस्टमार्टम कराया जाएगा। जिला पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था की है। शव को अस्पताल से ले जाने, पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार तक अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा।
हिमांशु की मौत के बाद घटना के दौरान पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं। परिजनों और समर्थकों का आरोप है कि यदि पुलिस समय पर प्रभावी हस्तक्षेप करती और घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया जाता तो उसकी जान बच सकती थी। हालांकि इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
इधर, मौत की खबर फैलते ही करणी सेना के कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग बिष्टुपुर रीगल गोलचक्कर पर जुट गए और करीब पांच घंटे तक सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। जाम के कारण शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित रही। कई यात्रियों की ट्रेन छूट गई, जबकि टाटा स्टील के बी-शिफ्ट से लौट रहे कर्मचारियों को वैकल्पिक मार्ग से बाहर निकाला गया। प्रदर्शन के दौरान परिजनों का विलाप और शोकाकुल माहौल देखकर वहां मौजूद लोग भी भावुक हो गए। भीड़ में घटना के आरोपियों के साथ-साथ पुलिस प्रशासन के प्रति भी नाराजगी और आक्रोश साफ दिखाई दिया।
सड़क जाम के दौरान लोगों ने जमकर उपद्रव भी किया सड़कों पर टायर जलाकर प्रदर्शन कर रहे थे कई सरकारी वाहनों को भी क्षतिग्रस्त किया सिटी spके वाहन को भी प्रदर्शनकारियों ने तोड़फोड़ कीऔर कई पीसीआर वाहन का भी शीशा तोड़ दिया पूर्व इनकम टैक्स कमिश्नर गाड़ीको भी निशाना बनाया गया पुलिस प्रशासन की तरफ से अभी तक कोई बयान जारी नहीं किया गया है घटना के दिन वहां मौजूद पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया गया है

