सेफ्टी अवेयरनेस राइड से गूंजा जमशेदपुर, यंग इंडियन्स ने सड़क सुरक्षा का दिया संदेश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। यंग इंडियन्स ग्रुप जमशेदपुर, झारखंड टीम की ओर से आज लगातार तीसरे वर्ष की तरह सेफ्टी अवेयरनेस राइड का आयोजन किया गया। इस राइड का उद्देश्य स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों, विभिन्न राइडर्स ग्रुप्स तथा टाटानगर–जमशेदपुर के आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा और हेल्मेट पहनने के महत्व के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में यंग इंडियन्स की पूरी टीम ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर देशभर में “हेल्मेट मैन” के नाम से प्रसिद्ध राघवेंद्र कुमार विशेष अतिथि के रूप में जमशेदपुर पहुंचे। राघवेंद्र कुमार अब तक देश के विभिन्न हिस्सों में 75 हजार से अधिक हेल्मेट वितरित कर चुके हैं और लगातार लोगों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेल्मेट पहनने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उन्होंने खुद राइडर्स के साथ शामिल होकर रैली को नई ऊर्जा दी और सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता का संदेश दिया।
सेफ्टी अवेयरनेस राइड में स्कूल और कॉलेज के छात्र-छात्राओं के साथ-साथ शहर के कई प्रतिष्ठित राइडर्स ग्रुप्स ने भाग लिया। जोड़ी राइडर्स, JH05 WALLE, RKMC सहित अन्य राइडिंग टीमों की मौजूदगी से रैली का उत्साह और प्रभाव दोनों बढ़ा। सभी प्रतिभागियों ने हेल्मेट पहनकर और ट्रैफिक नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित राइडिंग का उदाहरण प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए जागरूकता सबसे बड़ा हथियार है। हेल्मेट का उपयोग केवल नियम का पालन नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा से जुड़ा सवाल है। यंग इंडियन्स ग्रुप ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि युवा यदि जिम्मेदारी समझें, तो सड़कें अधिक सुरक्षित बन सकती हैं।
यंग इंडियन्स जमशेदपुर टीम ने बताया कि आने वाले समय में भी ऐसे जागरूकता अभियान जारी रहेंगे, ताकि हर नागरिक सुरक्षित यातायात के प्रति सजग बने। सेफ्टी अवेयरनेस राइड न केवल एक कार्यक्रम था, बल्कि सड़क सुरक्षा को लेकर सामूहिक जिम्मेदारी का प्रतीक बनकर उभरा।


