जमशेदपुर: नौकरानी ने उड़ाए लाखों के जेवरात, मामला दर्ज
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र में एक मकान से लाखों रुपये के जेवरात की चोरी का मामला सामने आया है। चोरी का आरोप घर में काम करने वाली दो नौकरानियों पर लगा है। पीड़ित मकान मालिक ने दोनों के खिलाफ थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है।
चोरी की घटना 26 मई से 30 मई के बीच की बताई जा रही है। जेवरात अलमारी में रखे गए थे, जिनकी चोरी का पता 30 मई को चला, जब उनकी जरूरत पड़ी। शक के आधार पर मकान मालिक ने दोनों नौकरानियों पर आरोप लगाया।
आरोपी नौकरानियों में एक बिरसानगर भारत पेट्रोल पंप के पास रहने वाली कल्पना कर्मकार और दूसरी शिशु मंदिर लक्ष्मी नर्सिंग होम के पास रहने वाली विष्णु प्रिया शामिल है। बताया जा रहा है कि दोनों महिलाएं वर्षों से उक्त घर में काम कर रही थीं, इसलिए शुरू में उन पर संदेह नहीं हुआ।
बिरसानगर थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दोनों आरोपितों से पूछताछ की जाएगी और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

