जमशेदपुर: मादक पदार्थों के विरुद्ध जागरूकता अभियान का मानव श्रृंखला के साथ समापन
राष्ट्र संवाद संवादाता
जमशेदपुर में मादक पदार्थों के दुष्प्रभाव के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से चलाए गए राजव्यापी अभियान का शनिवार को मानव श्रृंखला और जागरूकता रैली के साथ समापन किया गया। समापन कार्यक्रम उपायुक्त कार्यालय परिसर से शुरू होकर साकची गोलचक्कर तक आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न विभागों के कर्मियों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने भाग लिया।
यह राज्यव्यापी जागरूकता अभियान 10 जून से 26 जून तक पूरे झारखंड में चलाया गया।
अभियान के दौरान जिले के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों, पंचायतों और शहरी क्षेत्रों में रैली, शपथ ग्रहण, नुक्कड़ नाटक, संगोष्ठी तथा जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन गतिविधियों के माध्यम से युवाओं और आम लोगों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।
समापन अवसर पर आयोजित मानव श्रृंखला में शामिल लोगों ने मादक पदार्थों के सेवन से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने नशा मुक्ति से जुड़े संदेश लिखी तख्तियां और बैनर लेकर लोगों को जागरूक किया।
जिला प्रशासन के अधिकारियों ने कहा कि मादक पदार्थों की रोकथाम केवल कानून लागू करने से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है।
उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नशा मुक्त झारखंड और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प दोहराया। जिला प्रशासन ने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के जनजागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे, ताकि समाज को नशे के खतरे से सुरक्षित रखा जा सके।

