श्रद्धा और उत्साह से ओतप्रोत होगी सिदगोड़ा सूर्यधाम की जलाभिषेक यात्रा, 28 जुलाई को निकलेगी भव्य शोभायात्रा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर:श्रावण मास की तीसरी सोमवारी को 28 जुलाई (सोमवार) को सिदगोड़ा सूर्य मंदिर समिति द्वारा भव्य सामूहिक जलाभिषेक यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा की तैयारियाँ श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ शुरू हो गई हैं।

यात्रा प्रातः 7 बजे बारीडीह हरि मंदिर मैदान से प्रारंभ होगी और सिदगोड़ा सूर्यधाम शिवालय तक जाएगी। मार्ग में भक्तिमय गीत-संगीत, झांकियां और जयघोष यात्रा को भव्य स्वरूप देंगे। समिति के सदस्य मिथिलेश सिंह यादव और खेमलाल चौधरी के नेतृत्व में विभिन्न क्षेत्रों में बैठकों के माध्यम से हजारों महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।

सुल्तानगंज की उत्तरवाहिनी गंगा से मंगवाया गया गंगाजल भोलेनाथ के जलाभिषेक हेतु उपयोग में लाया जाएगा। समिति श्रद्धालुओं के लिए जलपात्र, पुष्प और विद्युत सज्जा की व्यवस्था भी कर रही है। जलाभिषेक के बाद सोन मंडप में भोग-प्रसाद का वितरण किया जाएगा। बैठक में सुधा यादव, उर्मिला दास, बिमला साहू, संजना साहू, मीरा झा समेत कई महिलाएं उपस्थित थीं।



