चंद्रयान-3 का मॉडल लेकर पूजा के लिए तिरुपति वेंकटचलपति मंदिर पहुंची ISRO टीम..
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने चंद्रयान-3 मिशन के लिए ‘मिशन तत्परता समीक्षा’ (MRR) पूरी कर ली है। वहीं चंद्रयान-3 के लिए काउंट डाउन गुरुवार दोपहर को शुरू होगा। चंद्रयान-3 की लॉन्चिंग शुक्रवार दोपहर 2:35 बजे श्रीहरिकोटा के सतीश धवन स्पेस सेंटर से होगी।
वहीं चंद्रयान-3 की लॉन्चिंग से पहले ISRO के वैज्ञानिक भगवान का आशीर्वाद लेने के लिए तिरूपति वेंकटचलापति मंदिर पहुंचे।वैज्ञानिक अपने साथ चंद्रयान-3 का मिनिएचर मॉडल भी अपने साथ ले गए। मंदिर पहुंचे वैज्ञानिक दल में तीन महिलाएं और दो पुरुष शामिल थे। तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (TTD) के एक अधिकारी ने भी उनके मंदिर पहुंचने की पुष्टि की है।
TTD के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘जी हां, इसरो का दल तिरुमला आया लेकिन हमारी जनसंपर्क शाखा ने उनके दौरे को ‘कवर’ नहीं किया।” उन्होंने बताया कि मंदिर के अधिकारी सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीशों और केंद्रीय परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के दौरे में व्यस्त थे। अधिकारी ने बताया कि इसरो के अधिकारी आम तौर पर मंदिर में अपने दौरे को जनता की नजरों से दूर ही रखते हैं।