हिमांशु हत्याकांड में जांच तेज, नीरज सिंह समेत तीन जेल, मुख्य आरोपी ने किया आत्मसमर्पण
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। करनी सेना नेता हिमांशु सिंह हत्याकांड में पूर्वी सिंहभूम पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। 27 जून को बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित डीडी बार के बाहर हुई हत्या के मामले में पुलिस ने बार मालिक एवं भाजपा नेता नीरज सिंह को बुधवार को जमशेदपुर लाया। उनके साथ सुदर्शन मंडल उर्फ लल्टू और राजेश मंडल को भी गिरफ्तार किया गया है।
सीनियर एसपी ने बताया कि सुदर्शन मंडल और राजेश मंडल को ओडिशा के रायरंगपुर से गिरफ्तार किया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। हालांकि पुलिस ने नीरज सिंह को मीडिया के सामने पेश नहीं किया।
इस बहुचर्चित हत्याकांड में अब तक 12 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। वहीं, मामले के मुख्य आरोपी विश्वजीत मंडल उर्फ बोदरा ने बुधवार को जमशेदपुर सिविल कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस अब उसे रिमांड पर लेकर हत्या की साजिश, वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और पूरे घटनाक्रम की जांच आगे बढ़ाने की तैयारी कर रही है।
उल्लेखनीय है कि 27 जून की रात डीडी बार के बाहर करनी सेना नेता हिमांशु सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद शहर में सनसनी फैल गई थी। पुलिस का कहना है कि मामले में कुछ अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है और जल्द ही पूरे हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।

