प्रखंड दिवस में विधायक संजीव सरदार ने सुनी जनसमस्याएं, प्रधानमंत्री आवास योजना की भी
राष्ट्र संवाद संवादाता
एसआईआर की जानकारी ली, कहा – एक भी वास्तविक मतदाता एसआईआर से वंचित न रहे, पार्टी बीएलए को दिए सहयोग का निर्देश
पोटका: प्रखंड दिवस के अवसर पर मंगलवार को पोटका विधायक संजीव सरदार ने प्रखंड मुख्यालय स्थित जनप्रतिनिधि कक्ष में बैठकर क्षेत्र के लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर पहुंचे, जिनकी शिकायतों पर विधायक ने गंभीरता से पहल करने का भरोसा दिलाया।
*एसआईआर की प्रगति की ली जानकारी, 21 हजार मतदाता अब भी ऑनमैप्ड*
बैठक के दौरान विधायक ने अंचलाधिकारी निकिता बाला से विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की प्रगति की जानकारी ली। अंचलाधिकारी ने बताया कि प्रखंड में अभी भी लगभग 21 हजार मतदाता ऑनमैप्ड हैं, जिन्हें मैप करने का कार्य तेजी से चल रहा है। इस पर विधायक ने कहा कि प्रशासन और राजनीतिक कार्यकर्ताओं के समन्वय से यह सुनिश्चित किया जाए कि एक भी वास्तविक मतदाता एसआईआर प्रक्रिया से वंचित न रह जाए। उन्होंने झामुमो से जुड़े बीएलए को भी अभियान में सक्रिय सहयोग करने का निर्देश दिया।
*प्रधानमंत्री आवास चयन में पारदर्शिता पर जोर*
कुलडीहा पंचायत से प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित शिकायत लेकर पहुंचे ग्रामीणों की बात सुनने के बाद विधायक ने प्रखंड समन्वयक राजेश प्रसाद को स्पष्ट निर्देश दिया कि आवास योजना के लाभुकों के चयन के लिए ग्रामसभा का आयोजन पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर मनमानी या पक्षपात बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जरूरतमंद और पात्र परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर पहले चरण में आवास का लाभ मिलना चाहिए।
जनहित सर्वोपरि, समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन रहे संवेदनशील : संजीव सरदार
विधायक संजीव सरदार ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम जनता की शिकायतों का त्वरित समाधान करें और योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनाए रखें। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय से ही विकास योजनाओं का लाभ सही लोगों तक पहुंच सकेगा।
मौके पर झामुमो नेता सुधीर सोरेन, हितेश भगत, लाथरो टुडू, बिरेन पात्र, मनोरंजन सरदार समेत कई कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित थे।

