जमशेदपुर में भीषण सड़क हादसा: खड़े ट्रक में घुसी कार, चार की मौत
दो युवक और दो युवतियां शामिल, ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह की भी मौत की सूचना
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। सोनारी थाना क्षेत्र के दोमुहानी मरीन ड्राइव में गुरुवार सुबह तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो युवक और दो युवतियां शामिल बताए जा रहे हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों के साथ पुलिस मौके पर पहुंची। कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल करना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद सभी चारों को कार से बाहर निकाला गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद मानगो मेयर सुधा गुप्ता पहले सोनारी थाना और फिर एमजीएम अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि जमशेदपुर में हुए इस सड़क हादसे में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह समेत अन्य लोगों के निधन की अत्यंत दुखद सूचना मिली है। उन्होंने मंत्री और शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की तथा दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों और मृतकों की पहचान को लेकर पुलिस की जांच जारी है।
जमशेदपुर सड़क हादसे पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जताया गहरा शोक
मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी समेत अन्य लोगों की मौत पर कहा—‘अपनी संतान को खोने का दुःख शब्दों से परे’
रांची/जमशेदपुर। जमशेदपुर में एनएच हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी समेत अन्य लोगों की मौत पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने घटना को बेहद दुखद और हृदयविदारक बताते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना जताई।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि जमशेदपुर में एनएच हाईवे पर हुए सड़क हादसे में राज्य सरकार में उनकी साथी मंत्री एवं बहन श्रीमती दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तथा अन्य लोगों के निधन की खबर से उनका मन अत्यंत व्यथित है।
उन्होंने कहा कि अपनी संतान को खोने का दुःख किसी भी माता-पिता और परिवार के लिए शब्दों से परे और असहनीय होता है। इस अत्यंत कठिन घड़ी में उनकी गहरी संवेदनाएं दीपिका पांडेय सिंह एवं सभी शोकाकुल परिवारों के साथ हैं। इस अपूरणीय क्षति के लिए शब्द नहीं हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रार्थना करते हुए कहा कि मरांग बुरु दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति दें।

