इतिहास विभाग ने प्रो. नैयर आज़म को दी भावभीनी विदाई, सेवाओं को किया सम्मानित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के इतिहास विभाग में पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. मो. नैयर आज़म के 31 मार्च को सेवानिवृत्त होने पर एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विभागाध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार चौधरी ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में प्रो. शाहिद हसन उपस्थित रहे।
समारोह में प्रो. आज़म को पाग, चादर, बुके, मोमेंटो सहित विभिन्न उपहार देकर सम्मानित किया गया। प्राध्यापकों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों ने उनके व्यक्तित्व, कार्यशैली और समर्पण को याद करते हुए भावपूर्ण विचार व्यक्त किए।
अपने संबोधन में डॉ. चौधरी ने उन्हें समयनिष्ठ, जिम्मेदार और आदर्श शिक्षक बताया। वहीं मुख्य अतिथि प्रो. शाहिद हसन ने कहा कि शिक्षक कभी सेवानिवृत्त नहीं होता, वह जीवनभर समाज को दिशा देता रहता है।
प्रो. नैयर आज़म ने अपने संबोधन में विनम्रता व्यक्त करते हुए छात्रों को नियमित अध्ययन और ईमानदारी से मेहनत करने की सलाह दी। अन्य वक्ताओं ने उन्हें सरल, विनम्र, सकारात्मक और विद्यार्थियों के प्रति समर्पित शिक्षक बताते हुए उनके योगदान को अविस्मरणीय बताया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. अमिताभ कुमार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. ज्योति प्रभा ने किया।

