हंगरी में ट्रंप-पुतिन की प्रस्तावित बैठक टली, रूस-यूक्रेन शांति प्रयासों को बड़ा झटका
वाशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट में प्रस्तावित बैठक फिलहाल स्थगित कर दी गई है। अब तक इस बैठक की कोई नई तारीख तय नहीं की गई है। अमेरिकी और रूसी अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है।
सूत्रों के अनुसार, इस सप्ताह की शुरुआत में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो और रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव के बीच हुई “रचनात्मक लेकिन अनिर्णायक” फोन वार्ता के बाद बैठक की तैयारियां रोक दी गईं।
पिछले सप्ताह पुतिन के साथ फोन पर बातचीत के बाद ट्रंप ने कहा था कि वह रूस-यूक्रेन संघर्ष समाप्त करने के लिए पुतिन से जल्द मिलने को तैयार हैं। हालांकि मंगलवार को वाशिंगटन में पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने कहा कि वह “एक व्यर्थ बैठक” नहीं चाहते।
क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने बताया कि संभावित शिखर सम्मेलन का समय अभी तय नहीं हुआ है और बैठक से पहले विस्तृत तैयारी आवश्यक होगी। वहीं, रूस के विशेष दूत किरिल दिमित्रिएव ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा कि शिखर सम्मेलन के लिए तैयारियां “जारी हैं” और बैठक रद्द नहीं हुई है।
शिखर सम्मेलन में देरी की घोषणा शुक्रवार को व्हाइट हाउस में ट्रंप और यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की की बैठक के बाद हुई। इस दौरान ट्रंप ने रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे तनाव का हवाला देते हुए त्रिपक्षीय शिखर सम्मेलन की संभावना से इनकार कर दिया।
गौरतलब है कि ट्रंप और पुतिन की पिछली मुलाकात अगस्त में अमेरिकी राज्य अलास्का में हुई थी, लेकिन उस बैठक में कोई ठोस समझौता नहीं हो सका था और युद्धविराम वार्ता गतिरोध में फंस गई थी। 16 अक्टूबर को ट्रंप ने रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के प्रयासों को दोबारा शुरू करने की घोषणा की थी और कहा था कि वह जल्द पुतिन से मिलेंगे।
ट्रंप ने हाल ही में पुतिन से फोन पर बातचीत के बाद ट्रुथ सोशल पर लिखा, “मेरा मानना है कि आज की बातचीत से बड़ी प्रगति हुई है।” उन्होंने यह भी कहा कि वह इस बातचीत की जानकारी जेलेंस्की से साझा करेंगे। क्रेमलिन के प्रवक्ता पेस्कोव ने इस वार्ता की पुष्टि की है।

