कागलनगर में गंदगी का अंबार, स्थायी सफाई व्यवस्था की मांग
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। सोनारी के कागलनगर स्थित एमपी रोड नंबर-2 में गंदगी के अंबार से स्थानीय लोग परेशान हैं। स्थानीय निवासी कृष्णा कुमार साहू ने जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय को वाट्सएप्प के माध्यम से शिकायत कर सफाई कराने की मांग की।
साहू का आरोप है कि पिछले छह वर्षों में जेएनएसी में कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। घर के सामने कचरा उठाने वाली गाड़ी रोज पहुंचती है, लेकिन आसपास के लोग सड़क पर ही कूड़ा फेंक देते हैं, जिससे दुर्गंध और गंदगी का अंबार लगा हुआ है।
विधायक सरयू राय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए गंदगी की तस्वीरें जेएनएसी के नगर आयुक्त को भेजकर कचरा निष्पादन की निरंतर और स्थायी व्यवस्था करने का आग्रह किया है। राय ने बताया कि 8 जुलाई को उपायुक्त की अध्यक्षता में जेएनएसी, मानगो नगर निगम और टाटा स्टील यूआईएसएल के अधिकारियों की बैठक में भी इस समस्या के स्थायी समाधान पर चर्चा हुई थी। उन्होंने कहा कि व्यवस्था को धरातल पर उतारने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है।

