ट्रैफिक चेकिंग के नाम पर जनता को तंग करना निंदनीय : राकेश सिंह
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: भाजपा जमशेदपुर महानगर के पूर्व जिला महामंत्री राकेश सिंह ने जिला प्रशासन व ट्रैफिक पुलिस पर निशाना साधते हुए कहा कि माननीय न्यायालय के आदेश के आड़ में शहर की सड़कों पर अचानक गाड़ियों को रोककर चेकिंग करना सरासर गलत और अमानवीय है।

उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्रवाई से शहर में ट्रैफिक आपातकाल जैसे हालात बन गए हैं, जबकि जनता को पहले से सूचना देना जरूरी था। राकेश सिंह ने आरोप लगाया कि ट्रैफिक पुलिस आज तक जाम व अवैध पार्किंग की समस्या हल नहीं कर सकी, लेकिन नए-नए कारनामों से जनता को परेशान करती है।

उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों की गाड़ियों की भी जांच की मांग की और चेतावनी दी कि यदि चेकिंग में पक्षपात हुआ तो यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही वरिय पुलिस अधीक्षक से आग्रह किया कि ट्रैफिक पुलिस की भूमिका शहर को जाम से निजात दिलाने पर केंद्रित होनी चाहिए।


