बनारस की तर्ज पर सिदगोड़ा सूर्य मंदिर छठ घाट पर भव्य महाआरती, बारिश के बीच श्रद्धालु मंत्रमुग्ध
राष्ट्र संवाद संवाददाता

जमशेदपुर – श्रावण माह के अवसर पर सिदगोड़ा सूर्य मंदिर समिति द्वारा सोमवार संध्या को छठ घाट पर बनारस के प्रख्यात गंगा घाट की तर्ज पर महाआरती का आयोजन किया गया। झमाझम बारिश और गरज-चमक के बीच भी हजारों श्रद्धालुओं ने आस्था और भक्ति में डूबकर आरती में हिस्सा लिया।

महाआरती में बनारस से आए पंडितों के साथ जमशेदपुर के 15 पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच घंटे, घड़ियाल, शंख, डमरू की ध्वनि और आतिशबाजी के साथ भव्य आरती की। पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास और समिति के संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह भी उपस्थित रहे।
एक घंटे तक चली इस दिव्य महाआरती ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। छठ घाट के बीच मौजूद महाशिवालय में आयोजित इस आरती के दौरान भोलेनाथ के जयकारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।

समिति के महासचिव अखिलेश चौधरी ने बताया कि महाआरती पूरी तरह बनारस की गंगा आरती की तर्ज पर सम्पन्न हुई। बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और ऐसा लगा मानो इंद्रदेव स्वयं आशीर्वाद देने आए हों।

कार्यक्रम में सूर्य मंदिर समिति के सभी पदाधिकारी और वरिष्ठ सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

