राष्ट्र संवाद संवाददाता
जामताड़ा: नाला प्रखंड अंतर्गत बेगेजोड़ी डंगालपाड़ा स्थित रामदास महाराज के अद्वैत आश्रम में श्रद्धा और भक्ति के वातावरण के बीच 7 दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस आध्यात्मिक आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में खासा उत्साह देखा जा रहा है। कथा श्रवण के लिए आसपास के गांवों सहित दूर-दराज से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु आश्रम पहुंच रहे हैं और धर्म लाभ अर्जित कर रहे हैं।
कथा वाचन के लिए उत्तर प्रदेश के मथुरा स्थित श्रीधाम वृंदावन से प्रसिद्ध भगवत वक्ता श्री राधा किशोरी जी पधारी हैं। वे अपनी मधुर वाणी और प्रभावशाली शैली में श्रीमद्भागवत की कथा सुनाकर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर रही हैं। उनके प्रवचनों में भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, भक्ति के महत्व और जीवन के आदर्शों का विस्तार से वर्णन किया जा रहा है, जिससे श्रोतागण भावविभोर हो उठते हैं।
आपको बता दे 18 अप्रैल को भव्य कलश यात्रा का भी आयोजन हुआ था। इस यात्रा में 141 कन्याओं ने भाग लिया और गांव के सार्वजनिक तालाब से पवित्र जल संग्रह कर अद्वैत आश्रम में विधिपूर्वक स्थापित किया। इस दौरान पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा और जयकारों से वातावरण गूंज उठा।
आयोजन समिति के अनुसार 26 अप्रैल को दोपहर में प्रसाद वितरण किया जाएगा, जिसके पश्चात संकीर्तन का आयोजन होगा। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस पुण्य अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक समरसता को भी सुदृढ़ कर रहा है।

